छत्तीसगढ़ में आज कई बड़े घटनाक्रमों पर रहेगी नजर, बिलासपुर दौरे पर रहेंगे CM साय

पंचायत चुनाव परिणाम, इबोला संदिग्धों पर अलर्ट, CCPL के मुकाबले, मेडिकल कॉलेजों में भर्ती और CGPSC परीक्षा पर फोकस
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में गुरुवार का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक, स्वास्थ्य, खेल और शिक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुशासन तिहार के तहत बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे, जबकि त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम और उपचुनाव के नतीजे भी आज घोषित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री का बिलासपुर दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम करीब 4 बजे बिलासपुर पहुंचेंगे। वे हेमूनगर स्थित ईशिका पार्क में आयोजित सुशासन शिविर में शामिल होकर आम जनता से संवाद करेंगे तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद प्रस्तावित एजुकेशन हब का निरीक्षण और अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी लेंगे।
पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव परिणाम
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा हाल ही में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम और उपचुनाव की मतगणना आज होगी। 5 नगरीय निकाय अध्यक्ष, 71 पार्षद, 10 जनपद पंचायत सदस्य, 34 सरपंच और 107 पंच पदों के उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज सामने आएगा।
इबोला संदिग्धों को लेकर अलर्ट
दुर्ग जिले में कांगो, इथियोपिया और युगांडा से लौटे तीन लोगों को एहतियातन निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित व्यक्तियों को होम आइसोलेशन में रखने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई गई है।
CCPL में आज दो मुकाबले
छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) 2026 में आज दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला सरगुजा टाइगर्स और रायगढ़ लॉयन के बीच होगा, जबकि दूसरा मैच बस्तर बायसन और बिलासपुर बुल्स के बीच खेला जाएगा।
मेडिकल कॉलेजों में भर्ती
राज्य के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 149 पदों पर संविदा भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
CGPSC मुख्य परीक्षा की तैयारी तेज
CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 6 जून से 9 जून तक आयोजित होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सलाह दी है।
विद्यार्थियों को एक साथ मिलेंगे दोनों यूनिफॉर्म सेट
नए शिक्षा सत्र से पहले सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के दोनों सेट एक साथ उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। साथ ही पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति भी लगभग पूरी कर ली गई है।



