Blog

सीएम हेल्पलाइन 1076 को प्रभावी बनाने अधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण, शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर जोर

मंत्रालय में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में सभी विभागों के नोडल अधिकारी हुए शामिल

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // आम नागरिकों तक सुशासन की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सुशासन एवं अभिसरण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आज मंत्रालय (महानदी भवन) नवा रायपुर में सीएम हेल्पलाइन (1076) के विभागीय नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए और शिकायत निवारण प्रणाली के संचालन एवं प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण पर दिया गया जोर

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम नागरिकों को शासन से जोड़ने का सबसे सशक्त और सुलभ माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का शासन पर विश्वास और मजबूत हो सके।

अधिकारियों को दी गई तकनीकी जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को आधुनिक शिकायत प्रबंधन प्रणाली (ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम) के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही शिकायतों के समय पर निराकरण नहीं होने की स्थिति में उन्हें एल-1 से एल-4 स्तर तक स्वचालित रूप से स्थानांतरित किए जाने की तकनीकी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। अधिकारियों को शिकायतों की निगरानी, ट्रैकिंग और त्वरित समाधान की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।

नागरिक संतुष्टि को बनाया जाएगा प्राथमिकता

कार्यक्रम में शिकायतों के निराकरण के बाद नागरिकों से फीडबैक लेने की पारदर्शी प्रक्रिया पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही इस पूरी व्यवस्था की सफलता का प्रमुख आधार होगी और इसी के आधार पर विभागों के प्रदर्शन का मूल्यांकन भी किया जाएगा।

कई माध्यमों से दर्ज कराई जा सकेगी शिकायत

सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन प्रणाली लागू होने के बाद शिकायत निवारण दर और नागरिक संतुष्टि में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल करके, वेब पोर्टल, समर्पित मोबाइल एप्लीकेशन तथा व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे।

सुशासन को मिलेगा नया आयाम

राज्य सरकार का मानना है कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिकों और शासन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा। यह व्यवस्था शिकायतों के त्वरित समाधान, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रदेश में सुशासन को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!