छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को मिलेगा नया आयाम: जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ट्रांसपोर्ट नगर और वर्ल्ड क्लास कन्वेंशन सेंटर को मिली मंजूरी

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक, पीपीपी मॉडल पर विकसित होंगी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम की सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मूल्यांकन समिति की महत्वपूर्ण बैठक में राज्य की कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उन्हें आगे बढ़ाने की रूपरेखा तय की गई।
रायपुर में बनेगा अत्याधुनिक जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क
बैठक में रायपुर के कृषि उपज मंडी परिसर (मंडी रोड) में आधुनिक सुविधाओं से युक्त “रायपुर जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क” विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इस परियोजना के माध्यम से रत्न एवं आभूषण उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।
बिलासपुर को मिलेगा आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर
बिलासपुर शहर में बढ़ते भारी वाहनों के दबाव और यातायात समस्याओं को देखते हुए एक विशाल एवं सर्वसुविधायुक्त ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना में बड़े गोदाम, आधुनिक लॉजिस्टिक्स हब, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, वाहन मरम्मत केंद्र तथा ट्रक चालकों के लिए विश्राम क्षेत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होने के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित होगी।
नवा रायपुर में बनेगा वर्ल्ड क्लास कन्वेंशन सेंटर
बैठक में नवा रायपुर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर विकसित करने की योजना पर भी सहमति बनी। यह केंद्र कॉर्पोरेट कार्यक्रमों, अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक बैठकों, प्रदर्शनियों और बड़े आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इससे राज्य में बिजनेस टूरिज्म को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी।
पीपीपी मॉडल पर होगा विकास
बैठक में निर्णय लिया गया कि इन सभी परियोजनाओं को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। इससे निजी निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और परियोजनाओं के निर्माण व संचालन में आधुनिक तकनीक तथा प्रबंधन का लाभ मिल सकेगा।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, नीति आयोग के सदस्य सचिव आशीष भट्ट, वित्त विभाग की विशेष सचिव शीतल शाश्वत वर्मा सहित छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और विभिन्न परियोजनाओं पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर एक उभरते औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।



