CM साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल, पत्रकारिता गौरव उत्सव में करेंगे शिरकत

हसदेव में पेड़ों की कटाई को लेकर भूपेश बघेल ने साधा निशाना, हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पर विशेष संगोष्ठी आज
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai शनिवार को राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:30 बजे राम मंदिर स्थित सुंदर सदन में आयोजित पत्रकारिता गौरव उत्सव में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 12:40 बजे से 1:10 बजे तक तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा में आयोजित चित्र प्रदर्शनी एवं शहीदी दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 3:10 बजे से 3:40 बजे तक मठपारा स्थित दुधाधारी सत्संग भवन में उनका समय आरक्षित रहेगा। इसके बाद वे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
हसदेव मुद्दे पर सरकार को घेरा भूपेश बघेल ने
पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने हसदेव अरण्य क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की अनुमति को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लाखों पेड़ों की कटाई की अनुमति दिए जाने के बावजूद सरकार मौन है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की प्राकृतिक संपदा को निजी हितों के लिए सौंपा जा रहा है। साथ ही प्रदेश में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बढ़ते विवादों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पर विशेष संगोष्ठी
कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल एवं आशीर्वाद भवन द्वारा आज शाम 6 बजे आशीर्वाद भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष और उदन्त मार्तण्ड के संपादक पंडित जुगल किशोर शुक्ल की परंपरा विषय पर विशेष संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. श्रीराम परिहार होंगे। अध्यक्षता हिंदी साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा करेंगे, जबकि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुशील त्रिवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय आम महोत्सव का दूसरा दिन आज
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव का आज दूसरा दिन है। महोत्सव में देश-विदेश की विभिन्न प्रजातियों के आम प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें जापान की प्रसिद्ध मियाजाकी प्रजाति और 3 से 5 किलोग्राम तक वजन वाले हाथीझूम आम आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
राजधानी में आज होंगे कई धार्मिक और सामाजिक आयोजन
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी में आज विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भारतीय योग संस्थान द्वारा भैरव सोसायटी में सुबह 6 बजे से निःशुल्क योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। नवकार नगर स्थित जिनालय परिसर में सुबह 7 बजे से मुनि सुव्रत विद्या अनुष्ठान होगा।
बूढ़ापारा स्थित श्रीगिरिराज मंदिर में परमानंद महोत्सव के अंतर्गत दिनभर धार्मिक आयोजन होंगे। बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में शाम 5 बजे से पुरुषोत्तम मास की कथा का आयोजन किया जाएगा। लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण में श्री रामचरितमानस कथा का आयोजन जारी रहेगा।
गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस पर तेलीबांधा तालाब के सामने छबील वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं शाम को कालीबाड़ी स्थित व्हाइट हाउस गार्डन में संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

