‘जन गण मन’ की जगह पढ़ाया जा रहा था ‘हाले लुइया’! शिकायत के बाद हेड मास्टर निलंबित

स्कूल में धर्मांतरण के प्रयास और वित्तीय गड़बड़ी के आरोप, शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // जिले के एक सरकारी स्कूल में धार्मिक गतिविधियों और कथित धर्मांतरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी देवी भारद्वाज को निलंबित कर दिया है। मामले ने सामने आते ही इलाके में चर्चा और नाराजगी का माहौल बना दिया है।
जनसमस्या शिविर में ग्रामीणों ने की शिकायत
मामला बलौदा स्थित पीएमश्री कन्या प्राथमिक शाला का है। ग्रामीणों ने जनसमस्या शिविर में शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि स्कूल की प्रधान पाठक प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान की जगह अन्य धार्मिक वाक्य बच्चों को सिखा रही थीं। साथ ही छात्र-छात्राओं को हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ भड़काने और ईसाई रीति-रिवाजों की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा था।
वित्तीय अनियमितता के भी लगे आरोप
ग्रामीणों ने शिकायत में स्कूल में वित्तीय गड़बड़ी और फर्जी बिल-वाउचर उपयोग करने के आरोप भी लगाए। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और जिला शिक्षा अधिकारी ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू करवाई।
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निलंबन
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। विभागीय जांच के दौरान दिए गए जवाब को असंतोषजनक मानते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलौदा निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
थाने में भी दर्ज हुआ मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदा थाना में भी प्रकरण दर्ज किया गया है। धर्मांतरण और लोक शांति भंग होने की आशंका को लेकर बीएनएसएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इलाके में बढ़ी चर्चा
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में धार्मिक गतिविधियों को लेकर बहस तेज हो गई है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




