मध्यप्रदेश

अंग-बंग कलिंग में भाजपा का परचम: सीएम मोहन यादव का ममता पर तीखा प्रहार

बोले- “जब ममता निर्ममता करेगी तो कीमत चुकानी पड़ेगी”, बंगाल की जनता को दी बधाई

ग्वालियर ( शिखर दर्शन ) // पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न राज्यों के चुनावी रुझानों के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि “जब ममता निर्ममता करेगी तो उसकी कीमत तो चुकानी पड़ेगी।” इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन की बयार चल रही है और इसी का परिणाम चुनावी रुझानों में दिखाई दे रहा है।

ग्वालियर में मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप “अंग-बंग-कलिंग” में भाजपा का झंडा लहराता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रवादी शक्तियों की जीत है और घुसपैठ के खिलाफ एक मजबूत संदेश भी है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल कभी देश के सबसे सक्षम राज्यों में गिना जाता था, लेकिन आज उसकी स्थिति पिछड़ने की वजह नेतृत्व की नीतियां रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने इस बार बदलाव का मन बना लिया है और चुनावी रुझान उसी दिशा में इशारा कर रहे हैं।

सीएम ने यह भी कहा कि अब तक आए अधिकांश सर्वे सटीक साबित होते दिख रहे हैं और भाजपा की जीत के साथ राजनीतिक परिदृश्य बदलता नजर आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह एक और राज्य एनडीए के साथ जुड़ता दिख रहा है और कई राज्यों में भाजपा की सरकार बनने की स्थिति बन रही है।

उन्होंने बंगाल के मतदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि तमाम चुनौतियों, हिंसा और दबाव के बावजूद जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर अपना निर्णय सुनाया है। यह लोकतंत्र की मजबूती का प्रमाण है।

अंत में मोहन यादव ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने साफ संदेश दिया है कि अब नीतियों और कार्यशैली का हिसाब होगा, और जो भी जनता के विश्वास पर खरा नहीं उतरेगा, उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!