जबलपुर क्रूज हादसे पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख

मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान, लापता लोगों की तलाश जारी
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के जबलपुर में 30 अप्रैल को दर्दनाक हादसा हो गया। प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया, जो लगातार जारी है।
इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है और कहा है कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि तेज आंधी-तूफान के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू फोर्स द्वारा लगातार ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
अब तक 22 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है। जबलपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल घटनास्थल पर तैनात हैं और राहत एवं बचाव कार्य निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।




