मध्यप्रदेश

तपते तवे जैसा मध्यप्रदेश : 45°C पर पहुंचा पारा, दिन ही नहीं रात में भी बरस रही आग

13 जिलों में लू का कहर, इंदौर-उज्जैन में वॉर्म नाइट अलर्ट, बच्चों को मिली राहत

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में इस बार अप्रैल महीने में ही भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखा दिए हैं। प्रदेश में पहली बार इस सीजन तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खजुराहो में रविवार को पारा 45 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कई शहरों में तापमान 44 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग ने 13 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है, वहीं इंदौर और उज्जैन में वॉर्म नाइट यानी रात में भी गर्म हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

प्रदेश के कई शहरों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी दर्ज की गई है। नौगांव में 44.6 डिग्री, सागर और नर्मदापुरम में 44.4 डिग्री, दमोह में 44.2 डिग्री, जबकि श्योपुर, मंडला, दतिया और टीकमगढ़ में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा शाजापुर, रायसेन, सतना, रतलाम, गुना, जबलपुर, रीवा और भोपाल-इंदौर सहित कई शहरों में तापमान 43 डिग्री के आसपास बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी का असर रहेगा। 13 जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है, जबकि भोपाल, जबलपुर समेत अन्य जिलों में भी दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।

उज्जैन में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत दी है। कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों में 27 से 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया गया है। वहीं कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। ग्रीष्मावकाश 1 मई से शुरू होगा।

इधर रायसेन जिले के बेगमगंज सहित कई ग्रामीण इलाकों में रविवार को आंधी-तूफान और बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों के लिए परेशानी बढ़ गई। खुले में रखा गेहूं भीग गया, जिससे नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आंधी के कारण कई जगहों पर कच्चे मकानों और दुकानों के छप्पर भी उड़ गए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!