राष्ट्रीय

तमिलनाडु-बंगाल में मतदान का महासंग्राम: सितारों से लेकर आम वोटर तक कतार में, कई जगह अफरा-तफरी

234 सीटों पर तमिलनाडु और 152 सीटों पर बंगाल में वोटिंग जारी, भीड़ के चलते कुछ बूथों पर हंगामे जैसे हालात

चेन्नई/कोलकाता ( शिखर दर्शन ) // तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जहां एक ओर आम मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है, वहीं दूसरी ओर कई मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी जैसे हालात भी देखने को मिले। तमिलनाडु की सभी 234 सीटों और बंगाल के पहले चरण की 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।

चेन्नई में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों ने भी लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लिया। अभिनेता अजित कुमार और टीवीके प्रमुख विजय जैसे ही मतदान केंद्र पहुंचे, उनकी एक झलक पाने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ देर के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। सुरक्षा कर्मियों को व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। वहीं सुपरस्टार रजनीकांत और अभिनेता-राजनेता कमल हासन ने भी सुबह-सुबह मतदान कर लोगों को लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश दिया।

तमिलनाडु के कोयंबटूर समेत कई इलाकों में महिला मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं मतदान केंद्रों तक पहुंचीं। राज्य के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने भी वोट डालकर लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।

वहीं पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान कई संवेदनशील इलाकों से तनाव और झड़प की खबरें सामने आ रही हैं। नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने मतदान के बाद बड़ा बयान देते हुए कहा कि इस बार राज्य में बदलाव तय है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुछ स्थानों पर गड़बड़ी और उपद्रव के आरोप भी लगाए।

दोनों राज्यों में मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हुई हैं, जो मतदाताओं के उत्साह को दर्शाती हैं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!