MP में गर्मी के तीखे तेवर: 43 डिग्री के पार पहुंचा पारा, 16 जिलों में लू का अलर्ट

भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में बदली स्कूलों की टाइमिंग
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भीषण गर्मी और लू के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बीते 24 घंटों में राजधानी भोपाल का तापमान करीब 2 डिग्री तक बढ़ा है, जबकि सबसे अधिक तापमान खजुराहो में 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी पारा 42 डिग्री के पार रहा। उमरिया में 42.9 डिग्री, टीकमगढ़ और नौगांव में 42.8 डिग्री, मंडला में 42.5 डिग्री, दतिया, दमोह और गुना में 42.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सतना और सागर में 41.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 41.6 डिग्री और कई अन्य जिलों में भी तापमान 41 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने शनिवार को नर्मदापुरम, बालाघाट, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, रतलाम, रायसेन, बैतूल, पन्ना और निवाड़ी सहित कुल 16 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया है। राजधानी भोपाल में कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित किए जाएंगे। वहीं ग्वालियर में भी प्री-प्राइमरी से 12वीं तक की कक्षाएं दोपहर 12 बजे तक ही लगेंगी। इसके अलावा खंडवा, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, बालाघाट, रायसेन, रतलाम, मैहर, नरसिंहपुर, उमरिया, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में भी स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके।



