दुष्कर्म पीड़िता ने की आत्महत्या

सल्फास खाकर दी जान, पति के भांजे पर आरोप; सुसाइड नोट से खुलेंगे राज
इंदौर ( शिखर दर्शन ) // इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म की पीड़िता ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक तौर पर इसे सामान्य आत्महत्या माना गया, लेकिन पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने मामले को गंभीर बना दिया है।
ग्रामीण एसपी के अनुसार 8 अप्रैल को क्षेत्र में रहने वाली महिला ने जहर का सेवन कर अपनी जान दे दी थी। जांच के दौरान पता चला कि पीड़िता ने इंदौर के एमआईजी थाने में अपने ही पति के भांजे के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही वह मानसिक दबाव और अवसाद में थी, जिसे आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। माना जा रहा है कि इस नोट में पीड़िता ने अपने साथ हुई घटनाओं और मानसिक स्थिति का उल्लेख किया है, जो मामले की सच्चाई सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस बीच, जिस आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज है, वह अब तक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।



