छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलेगा, उत्तर हिस्सों में बारिश के आसार, तापमान में होगी बढ़ोतरी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आज 2 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर सोमवार से उत्तर छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक सोमवार से प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में लगातार क्रमिक वृद्धि दर्ज की जा सकती है। फरवरी माह में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से राज्य में बादल छाने, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के भी हालात बनते हैं। इस बार भी फरवरी के पहले सप्ताह में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वातावरण में नमी बढ़ने से दिन और रात दोनों के तापमान में इजाफा होगा। ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा और गर्म कपड़ों की जरूरत घटेगी। फरवरी में ठंड की विदाई का प्रभाव दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिक नजर आएगा, जबकि सरगुजा जैसे उत्तरी इलाकों में ठंड कुछ समय और बनी रह सकती है।
17 साल पुराना तापमान रिकॉर्ड
रायपुर में 28 फरवरी 2009 को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो फरवरी का अब तक का रिकॉर्ड है। इसी तरह पेंड्रा में 27 फरवरी 2006 को 37 डिग्री, जगदलपुर में 20 फरवरी 2006 को 38.7 डिग्री, अंबिकापुर में 25 फरवरी 2006 को 34.8 डिग्री और बिलासपुर में 28 फरवरी 2009 को 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इस वर्ष भी तापमान इनके करीब पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा तापमान
फिलहाल रायपुर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक बना हुआ है। सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, लेकिन दिन चढ़ते ही गर्मी का असर बढ़ रहा है। मध्य छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में ठंड का प्रभाव लगभग समाप्त हो सकता है।
राजधानी रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



