आज साय कैबिनेट की अहम बैठक… मुख्यमंत्री करेंगे राडा ऑटो एक्सपो-2026 का उद्घाटन… तखतपुर में कांग्रेस की पदयात्रा… सहित दिनभर की बड़ी खबरें

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक 21 जनवरी को आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में होगी। बैठक में राज्यहित से जुड़े अहम मुद्दों, नीतिगत निर्णयों और विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की संभावना है।
सीएम साय का आज का व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
- सुबह 10:30 बजे – कैबिनेट बैठक में शिरकत
- दोपहर 1 बजे – श्रीमंत शंकरदेव शोध पीठ लोकार्पण समारोह
- दोपहर 3:15 बजे – शहीद गेंदसिंह शहादत दिवस कार्यक्रम
- शाम 7 बजे – पुलिस मिटान सम्मेलन
- शाम 7:45 बजे – राडा ऑटो एक्सपो का उद्घाटन
- रात 9 बजे – मुख्यमंत्री निवास वापसी
राडा ऑटो एक्सपो-2026 का भव्य शुभारंभ
राजधानी रायपुर के श्रीराम बिजनेस पार्क में आयोजित रायपुर ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के ‘राडा ऑटो एक्सपो-2026’ का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 7 बजे करेंगे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, परिवहन मंत्री केदार कश्यप सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे।
अमीन भर्ती परीक्षा के परिणाम घोषित
जल संसाधन विभाग के अंतर्गत अमीन पदों की भर्ती के लिए 7 दिसंबर को आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम व्यापमं ने जारी कर दिया है। मॉडल उत्तर पर प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण विषय विशेषज्ञों द्वारा करने के बाद अंतिम उत्तर के साथ परिणाम घोषित किया गया। अभ्यर्थी व्यापमं की वेबसाइट पर अपने प्रोफाइल में लॉगिन कर परिणाम देख सकते हैं।
आज से दो दिवसीय आपदा नियंत्रण प्रशिक्षण
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में 21 जनवरी से दो दिवसीय आपदा नियंत्रण प्रशिक्षण एवं वर्कशॉप का आयोजन सर्किट हाउस में किया जा रहा है। इसमें शहरी आपदा जोखिम प्रबंधन, रेजिलिएंस बिल्डिंग और भविष्य की रणनीतिक कार्ययोजना पर देश-विदेश के विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
महंत कॉलेज में राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता
महंत लक्ष्मी नारायण दास कॉलेज, गांधी चौक में 21 जनवरी से राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता शुरू होगी। इसमें राज्यभर के विश्वविद्यालयों से संबद्ध कॉलेजों के महिला व पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में 500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
बिलासपुर में कांग्रेस की पदयात्रा आज
बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत पदयात्रा निकाली जाएगी। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में यह पदयात्रा दोपहर 1 बजे बिलासपुर से जोगापारा तखतपुर तक लगभग 5 किलोमीटर की होगी। शाम को वे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
- शहीद हेमू कालाणी पुण्यतिथि
स्थान: हेमू कालाणी चौक, कचहरी के पास | समय: सुबह 10:30 बजे - शहीद गेंदसिंह शहादत दिवस
स्थान: साइंस कॉलेज मैदान | समय: सुबह 10:30 बजे - पीएससी राज्य सेवा परीक्षा हेतु निःशुल्क कोचिंग
स्थान: नूतन स्कूल, आरडीए कॉलोनी, टिकरापारा | समय: शाम 5 से रात 9 बजे
यह दिन राजधानी रायपुर के लिए प्रशासनिक, शैक्षणिक, सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है।



