बिलासपुर संभाग

सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छात्रों का मेस विरोध तेज, कुलपति बंगले तक पहुंचा हंगामा

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घटिया और अस्वच्छ भोजन को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार रात अंबेडकर छात्रावास के 50 से अधिक छात्रों ने कच्ची सब्जी और बासी रोटी परोसे जाने का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा किया।

छात्रों ने हॉस्टल से निकलकर कुलपति बंगले और प्रशासनिक भवन तक मार्च किया और नारेबाजी की। कुलपति के बंगले में न होने की जानकारी मिलने पर छात्रों ने ‘हाय-हाय’ के नारे लगाए और चीफ वार्डन को हटाने की मांग की।

स्थिति को गंभीर देखते हुए कोनी पुलिस भी मौके पर पहुंची। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से हॉस्टल मेस में बेहद खराब और अस्वच्छ भोजन परोसा जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। खराब खाने के चलते छात्रों की सेहत, पढ़ाई और दिनचर्या प्रभावित हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान चीफ वार्डन और विश्वविद्यालय के अधिकारी छात्रों से वार्ता करने पहुंचे। प्रशासन ने व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया, जिसके बाद देर रात छात्र शांत हुए।

गौरतलब है कि एक दिन पहले भी खाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मेस प्रभारी पर छात्रों को धमकाने का आरोप लगा था, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। इस आंदोलन को एबीवीपी और एनएसयूआई का समर्थन भी प्राप्त है। दोनों संगठनों ने मेस टेंडर बदलने और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने की मांग की है।

छात्रों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक मेस में स्वच्छ और पोषक भोजन की ठोस व्यवस्था नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!