रायपुर संभाग

पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी नमी, छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में बढ़ोतरी, ठंड से कुछ दिन राहत

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ने लगी है, जिसका असर अब दिन के साथ-साथ रात के तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6 से 7 दिनों तक तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है, हालांकि ठंड का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि माना में 12 और रायपुर में 13 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज हुआ। इसके अलावा दुर्ग और पेंड्रा में भी न्यूनतम तापमान क्रमशः 9.5 और 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

जनवरी में जारी कड़ाके की ठंड से फिलहाल कुछ दिनों की राहत के संकेत मिल रहे हैं। राज्य में प्रवेश कर रही नमीयुक्त हवाओं के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी शुरू हो गई है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के शहरों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक चढ़ा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अगले 5 से 6 दिनों तक बना रह सकता है, जिससे पारे में और इजाफा होने के आसार हैं। रविवार को आसमान साफ रहने से दिन के तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी महसूस की गई।

मौसम जानकारों के अनुसार, सरगुजा संभाग में अभी भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास बना हुआ है, ऐसे में ठंड का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा। हालांकि, पाला और शीतलहर जैसी स्थिति से कुछ दिन राहत मिलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद एक बार फिर ठंड के लौटने से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।

आज रायपुर का मौसम
12 जनवरी को राजधानी रायपुर में धुंध छाए रहने की संभावना है। आने वाले 24 घंटों में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!