छत्तीसगढ़ दौरे पर आज एमपी के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मुख्यमंत्री साय की लगातार बैठकें, सुप्रिया श्रीनेत करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस का ‘संविधान बचाओ’ अभियान शुरू

रायपुर में दिनभर राजनीति, धर्म, समाज और बच्चों से जुड़े कई कार्यक्रमों की हलचल
रायपुर (शिखर दर्शन) //
आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राजनीति से लेकर धार्मिक आयोजनों और सामाजिक कार्यक्रमों तक, दिन भर हलचल बनी रहेगी। मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सुबह 7:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके दौरे के दौरान वे कई स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बैक-टू-बैक विभागीय समीक्षा बैठकें
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय में एक मैराथन बैठक करेंगे। इसमें लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और गृह विभाग सहित कई अहम विभागों की समीक्षा की जाएगी। खासतौर पर गृह विभाग में अधिकारियों से आवास आवंटन संबंधी चर्चा होने की संभावना है।
कांग्रेस का ‘संविधान बचाओ’ अभियान आज से शुरू, सुप्रिया श्रीनेत करेंगी मीडिया से संवाद
कांग्रेस आज से ‘संविधान बचाओ अभियान’ की शुरुआत कर रही है। इसका आगाज प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक से होगा, जो दोपहर 12:30 बजे राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में होगी। इसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विजय जांगिड़, जरिता लेटफ्लांग और एस. संपत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
इसी क्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत रायपुर में प्रेसवार्ता करेंगी, जिसमें महिलाओं पर बढ़ते अपराधों, वक्फ कानून और केंद्र व राज्य सरकार की विफलताओं पर पार्टी अपना पक्ष रख सकती है। इस अभियान का उद्देश्य संविधान की रक्षा और आम जनता में जागरूकता फैलाना है। यह अभियान 30 मई तक चलेगा, जिसमें विभिन्न स्तरों पर रैलियां और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे।
बीजेपी भी चलाएगी जनजागरण अभियान, वक्फ कानून बनेगा मुद्दा
वक्फ कानून में संशोधन को लेकर छत्तीसगढ़ बीजेपी भी एक जनजागरण अभियान शुरू करेगी। 25 अप्रैल से कार्यशालाओं की शुरुआत होगी, जिसमें मुख्यमंत्री साय सहित मंत्री, विधायक और सांसद भाग लेंगे। इस अभियान में मुस्लिम समाज को वक्फ कानून से जुड़ी जानकारी दी जाएगी और हर राज्य के लिए संयोजक नियुक्त किए गए हैं।
धार्मिक आयोजन: आज से शिव महापुराण कथा का शुभारंभ
रामलीला चौक खम्हारडीह-शंकरनगर में आज से शिव महापुराण कथा का आयोजन हो रहा है। कथा वाचक हलधर नाथ योगी दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक प्रवचन देंगे। शाम 4 बजे से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
समाजसेवी और सांस्कृतिक गतिविधियां भी रहेंगी केंद्र में
- स्वामी चक्रपाणि का रायपुर आगमन:
संत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज आज शाम 7:30 बजे दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे। उनका स्वागत स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर किया जाएगा। - समर कैंप:
नंदनवन जू एंड सफारी, नवा रायपुर में 11 से 18 वर्ष की उम्र के बच्चों के लिए समर कैंप आयोजित किया गया है। इसी तरह महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में भी सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक समर कैंप चलेगा। - सकोरा और कोटना वितरण:
सामाजिक संस्था “बढ़ते कदम” की ओर से लाफ्टर क्लब के सदस्यों को पक्षियों के लिए सकोरा व कोटना का निःशुल्क वितरण आज सुबह 7 बजे छत्तीसगढ़ महतारी चौक के पास कलेक्टोरेट गार्डन में किया गया।



