मुख्यमंत्री डॉ. मोहन और गडकरी देंगे सड़कों की सौगात, भोपाल में वक्फ बिल के खिलाफ प्रदर्शन, सेना भर्ती का आज अंतिम मौका

धार-उज्जैन दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री, उज्जैन-बदनावर फोरलेन का लोकार्पण आज; राजधानी में दोपहर 2 बजे होगा शांतिपूर्ण धरना, रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख में युवा जुटे; भोपाल के कई इलाकों में आज बिजली कटौती
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश की राजधानी और कई जिलों में आज दिनभर गतिविधियों की हलचल रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार और उज्जैन दौरे पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी प्रदेश को राष्ट्रीय राजमार्ग और फ्लाईओवर की बड़ी सौगात देंगे। दूसरी ओर भोपाल में वक्फ बिल के विरोध में मुस्लिम समुदाय द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही सेना भर्ती के इच्छुक युवाओं के लिए आज ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का अंतिम दिन है। वहीं शहर के कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई भी प्रभावित रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन और केंद्रीय मंत्री गडकरी की सौगातें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज धार और उज्जैन के दौरे पर रहेंगे। सुबह 9 बजे वे मांडू में नर्मदा पूजन से दिन की शुरुआत करेंगे। 11:10 बजे वे बदनावर विधानसभा के खेड़ा गांव पहुंचेंगे। इसके तुरंत बाद 11:40 बजे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आगमन होगा। 11:45 बजे उज्जैन-बदनावर फोरलेन सहित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इस फोरलेन के बन जाने से ढाई घंटे की दूरी अब केवल 60 मिनट में तय हो सकेगी। प्रदेश में 6 नए राष्ट्रीय राजमार्ग प्रस्तावित हैं।
दोपहर 1:30 बजे डॉ. मोहन उज्जैन पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। गडकरी शाम 4 बजे उज्जैन से रवाना होकर 4:55 बजे भोपाल पहुंचेंगे और 5:30 बजे रवीन्द्र भवन में महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव में भाग लेंगे।
राजधानी भोपाल में वक्फ बिल के खिलाफ प्रदर्शन
भोपाल में आज ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) की अगुवाई में वक्फ बिल के खिलाफ विरोध दर्ज किया जाएगा। यह धरना प्रदर्शन दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड पर आयोजित किया गया है। इसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल होंगे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा और किसी भी तरह की रैली या बैनर की अनुमति नहीं दी गई है।
सेना भर्ती के लिए आज रजिस्ट्रेशन का आखिरी मौका
भोपाल समेत मध्यप्रदेश के 15 जिलों—विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, हरदा, राजगढ़, रायसेन, सीहोर, गुना, अशोकनगर, दमोह, नरसिंहपुर और पन्ना—के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख आज 10 अप्रैल है। यह रजिस्ट्रेशन अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क, ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं), महिला सैन्य पुलिस, नर्सिंग असिस्टेंट, फार्मा, हवलदार (केटरिंग और सर्वेयर) जैसे विभिन्न पदों के लिए किया जा रहा है।
भोपाल के कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई रहेगी बाधित
आज भोपाल में कई इलाकों में बिजली कटौती की घोषणा की गई है:
- सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक – शाहपुरा ए सेक्टर, ई-7, रेलवे कॉलोनी, विवेक अपार्टमेंट और आसपास के क्षेत्र।
- सुबह 10 से 10:30 बजे और दोपहर 1:30 से 2 बजे तक – शिव संगम गार्डन क्षेत्र।
- सुबह 10 से शाम 5 बजे तक – सीआई कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, जिंसी, नीम रोड, जहांगीराबाद, चर्च रोड, चिकलोद रोड और आसपास।
- सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक – कटारा क्षेत्र।



