दमोह मिशन अस्पताल फर्जी डॉक्टर कांड: डॉ. जॉन केम पर उपकरण चोरी की FIR, बाउंसर के साथ घूमता था आरोपी, CCTV फुटेज से खुलासा
दमोह (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश के बहुचर्चित दमोह मिशन अस्पताल फर्जी डॉक्टर कांड में रोज़ नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जहां पहले फर्जी डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन के बाद सात मरीजों की मौत ने पूरे जिले को हिला दिया था, अब अस्पताल प्रबंधन ने आरोपी डॉ. नरेंद्र जॉन केम के खिलाफ अस्पताल से महंगे चिकित्सीय उपकरण चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल प्रशासन ने दमोह कोतवाली में 13 मार्च 2025 को एक लिखित शिकायत दी, जिसमें कहा गया कि आरोपी डॉ. एन. जॉन केम अस्पताल की पोर्टेबल इको मशीन चुराकर ले गया। यह मशीन कार्डियक जांच के लिए इस्तेमाल होती थी और अस्पताल की महत्वपूर्ण संपत्ति में गिनी जाती है।
इतना ही नहीं, आरोपी के व्यवहार और तौर-तरीकों को लेकर भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। अस्पताल में लगे CCTV कैमरों से प्राप्त फुटेज में स्पष्ट देखा गया है कि आरोपी हमेशा एक बाउंसर के साथ आता-जाता था। बाउंसर एक सूटकेस लेकर चलता था, जिसमें दस्तावेज और कुछ जरूरी सामान रखे जाते थे। यह फुटेज अब पुलिस जांच का हिस्सा बना दिया गया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। लगातार हो रहे खुलासों से यह मामला और भी गंभीर होता जा रहा है।


