महिला की संदिग्ध मौत, बाड़ी में मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस
कटघोरा (शिखर दर्शन) // कटघोरा क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के सामने एक किराए के मकान में रहने वाली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह उसकी लाश मकान के पीछे बाड़ी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका की पहचान लता बाई, निवासी एतमानगर डूमरमुडा, के रूप में हुई है। वह कटघोरा में किराए के मकान में अकेली रहकर मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह पास ही एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी का कार्य कर रही थी। सोमवार सुबह जब लोग उसके घर के पास से गुजरे, तो बाड़ी में लाश देखकर पुलिस को सूचित किया।
पुलिस जांच में घर के दरवाजे खुले मिले, वहीं चौखट और घटनास्थल के पास खून के निशान मिले हैं, जिससे मामला हत्या की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया है और मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।



