रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: 31 नक्सली ढेर, अमित शाह बोले- 2026 तक नक्सलवाद का होगा खात्मा

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़े ऑपरेशन में 31 नक्सलियों को मार गिराया है। इस कार्रवाई को नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है। हालांकि, इस मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए, जिनके बलिदान को पूरा देश नमन कर रहा है।

इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बलों की बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार नक्सल मुक्त भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से समाप्त कर दिया जाएगा।

गृहमंत्री अमित शाह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “नक्सल मुक्त भारत बनाने की दिशा में सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन में 31 नक्सलियों को ढेर करने के साथ ही भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।”

उन्होंने आगे कहा, “मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने में आज हमने अपने दो बहादुर जवानों को खोया है। यह देश इन वीरों का सदा ऋणी रहेगा। शहीद जवानों के परिजनों के प्रति भावपूर्ण संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। साथ ही पुनः यह संकल्प दोहराता हूँ कि 31 मार्च 2026 से पहले हम देश से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त कर देंगे, ताकि देश के किसी भी नागरिक को इसके कारण अपनी जान न गँवानी पड़े।”

गौरतलब है कि बीजापुर और बस्तर क्षेत्र में लंबे समय से नक्सली गतिविधियाँ सक्रिय रही हैं, लेकिन सुरक्षाबलों के लगातार ऑपरेशनों से नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलताएँ मिल रही हैं। इस ताजा कार्रवाई को सरकार के मिशन 2026 की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!