जवानों का कहर: मुठभेड़ में 31 वर्दीधारी नक्सली ढेर, मुख्यमंत्री साय और गृहमंत्री शर्मा ने दी शुभकामनाएं

रायपुर // बीजापुर (शिखर दर्शन) // सुरक्षा बलों ने बीजापुर-नारायणपुर बॉर्डर पर नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में 31 वर्दीधारी नक्सलियों को ढेर कर बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ में कई बड़े नक्सली नेताओं के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जिनकी पहचान की जा रही है। मौके से नक्सलियों के शवों के साथ कई अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं।
इस ऑपरेशन में दो जवान शहीद हो गए, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। घायल जवानों को रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस अभियान को डीआरजी, एसटीएफ और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।
नक्सलियों ने की गोलीबारी, जवानों ने दिया करारा जवाब
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि नक्सली बड़ी संख्या में इलाके में एकत्रित हो रहे हैं। इसके बाद सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया। जवानों की मौजूदगी का आभास होते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, लेकिन सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर 31 नक्सलियों को मार गिराया।
मुख्यमंत्री और गृहमंत्री ने दी जवानों को बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बड़ी सफलता के लिए सुरक्षा बलों को बधाई देते हुए कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और नक्सलवाद का अंत निश्चित है। वहीं, प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी जवानों की वीरता की सराहना की और कहा कि यह अभियान राज्य में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
घटनास्थल पर अभी भी सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की जांच की जा सके। सुरक्षा बल सतर्कता बरतते हुए इलाके में गश्त कर रहे हैं। इस मुठभेड़ को हाल के वर्षों में सुरक्षा बलों की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।
