BCCI की रिव्यू मीटिंग में बड़े फैसले, सीनियर खिलाड़ियों पर सख्ती, रोहित शर्मा और विराट कोहली की मनमानी पर लगेगी रोक

मुंबई // भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद एक रिव्यू मीटिंग का आयोजन किया, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए। इस मीटिंग का असर खासतौर पर सीनियर खिलाड़ियों, जैसे रोहित शर्मा और विराट कोहली पर पड़ने वाला है। बोर्ड ने निर्णय लिया कि अब खिलाड़ी अपनी मर्जी से सीरीज में भाग नहीं ले सकेंगे और किसी भी सीरीज को छोड़ने के लिए उन्हें वैध मेडिकल प्रमाण देना होगा।
रोहित शर्मा और विराट कोहली को अब अपने प्रदर्शन और फिटनेस पर ध्यान देना होगा, खासकर घरेलू क्रिकेट में भी हिस्सा लेने का निर्देश दिया गया है, जिससे उनका फॉर्म और फिटनेस बनाए रखा जा सके। इस सख्त कदम का उद्देश्य भारतीय क्रिकेट में अनुशासन बनाए रखना है और साथ ही आगामी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले खिलाड़ियों को समर्पण की भावना से जोड़ा जाना है।

रिव्यू मीटिंग में बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी, सचिव देवजीत सैकिया, कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर सहित अन्य प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया। रोहित शर्मा ने मीटिंग के दौरान कप्तानी को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया, जिसमें उन्होंने बीसीसीआई की मदद से अगले कप्तान के चयन पर सहमति जताई।