श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची टीवी की ‘मां सीता,’ बाबा महाकाल के किए दर्शन और ध्यान

विशेष संवाददाता छमू गुरु की रिपोर्ट :
उज्जैन (शिखर दर्शन) // देशभर के श्रद्धालुओं और प्रसिद्ध हस्तियों के आकर्षण का केंद्र, 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख महाकालेश्वर मंदिर, हमेशा आस्था और भक्ति का संगम बना रहता है। इसी श्रृंखला में टीवी एक्ट्रेस मदिराक्षी मुंडले, जो सीरियल ‘सिया के राम’ में माता सीता की भूमिका निभा चुकी हैं, ने उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए।
भस्म आरती में शामिल होकर किया पूजन

मदिराक्षी मुंडले ने महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया और पूजा-अर्चना की। उनकी पूजा विधि पुजारी प्रशांत गुरु और माधव गुरु द्वारा संपन्न कराई गई।
भोपाल से जुड़ी हैं मदिराक्षी मुंडले की जड़ें
मदिराक्षी मुंडले भारतीय टेलीविजन और फिल्म जगत की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्होंने ‘सिया के राम,’ ‘कर्ण संगिनी,’ ‘जग जननी मां वैष्णो देवी,’ ‘विघ्नहर्ता गणेश,’ और ‘जय हनुमान – संकटमोचन नाम तिहारो’ जैसे लोकप्रिय शोज में काम किया है। भोपाल में जन्मी और पली-बढ़ी मदिराक्षी ने हिंदी और तेलुगू सिनेमा में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
महाकाल भक्तों में राष्ट्रपति से लेकर पीएम तक शामिल
महाकालेश्वर मंदिर न केवल आम श्रद्धालुओं का केंद्र है, बल्कि देश के प्रमुख राजनेता और दिग्गज हस्तियां भी यहां आकर बाबा का आशीर्वाद लेते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डॉ. मोहन यादव, देवेंद्र फडणवीस, और नितिन गडकरी सहित कई नेता बाबा महाकाल के दरबार में दर्शन कर चुके हैं।
फिल्मी सितारे और क्रिकेटर्स भी बाबा के भक्त
महाकाल के भक्तों की सूची में सिर्फ राजनेता ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड सितारे और क्रिकेटर भी शामिल हैं। विराट कोहली, केएल राहुल, सोनू सूद, शिल्पा शेट्टी, और अन्य कई नामचीन हस्तियां महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंच चुकी हैं।

महाकालेश्वर मंदिर हर रोज आस्था और भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत करता है, और इसकी दिव्यता में डूबकर हर भक्त आत्मिक शांति का अनुभव करता है।
