महाराष्ट्र में ATS की बड़ी कार्रवाई: स्पेशल ऑपरेशन के तहत 17 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

एटीएस का विशेष अभियान, 17 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने अवैध रूप से राज्य में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विशेष ऑपरेशन के तहत मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और नासिक समेत चार शहरों से 17 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में 14 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं।

अवैध घुसपैठ पर एटीएस का शिकंजा
एटीएस अधिकारियों ने बताया कि ये नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे। इनके खिलाफ विदेशी अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों के तहत दस अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। स्थानीय पुलिस की मदद से यह अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध घुसपैठ और भारत में अवैध रूप से रहने वाले नागरिकों को पकड़ने पर जोर दिया गया।
दिल्ली में भी हुई थी कार्रवाई
महाराष्ट्र से पहले देश की राजधानी दिल्ली में भी इसी तरह की कार्रवाई हुई थी। वहां पुलिस ने 7 अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। दिल्ली में इन गिरफ्तारियों के बाद संबंधित नागरिकों को वापस उनके देश भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

अब तक 40 से अधिक गिरफ्तारियां
महाराष्ट्र में अब तक 40 से अधिक बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हाल ही में धुले के एक होटल से तीन महिलाओं समेत चार नागरिकों को पकड़ा गया, जिनके पास से 40 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन भी बरामद हुए।
सीमा सुरक्षा पर सवाल
दिल्ली में हुई कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सीएम आतिशी ने भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की है।
विशेष अभियान जारी
महाराष्ट्र और दिल्ली में चलाए जा रहे इन विशेष अभियानों का उद्देश्य अवैध घुसपैठ पर लगाम लगाना और भारत में बिना अनुमति रह रहे विदेशी नागरिकों को पकड़कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।