रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और दो जिलों के विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल, प्रदेशभर के स्कूलों में मनाया जाएगा वीर बाल दिवस, सिविल जज भर्ती परीक्षा के लिए आज से शुरू होंगे आवेदन।

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दौरे की शुरुआत सुबह 11:30 बजे जशपुर जिले के ग्राम बगिया से होगी। वे 11:40 बजे बगीचा विकासखंड के ग्राम घुघरी पहुंचकर ‘आदिवासी नागवंशी समाज के वार्षिक महासम्मेलन 2024’ में भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री दोपहर 12:50 बजे घुघरी से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम टिमरलगा के लिए रवाना होंगे और वहां ‘पर्वतदान (अन्न) और अश्वमेघ यज्ञ महोत्सव’ में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 3:05 बजे टिमरलगा से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 5:00 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित ‘वीर बाल दिवस’ संगोष्ठी में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री रात 8:30 बजे रायपुर के पंडरी गुरुद्वारा में वीर बाल दिवस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी करेंगे स्वामित्व संपत्ति कार्डों का ई-वितरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 दिसंबर को स्वामित्व योजना के तहत 2.19 करोड़ संपत्ति कार्डों का ई-वितरण करेंगे। छत्तीसगढ़ के 15,000 गांवों में 1.84 लाख संपत्ति कार्ड बांटने की योजना है। मुख्यमंत्री साय इस अवसर पर धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण संपत्तियों को वैध बनाकर आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है।

सिविल जज भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सिविल जज भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू कर दी है। कुल 57 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन 24 जनवरी तक किए जा सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

प्रयागराज जाने वाले रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ी

महाकुंभ 2025 के लिए छत्तीसगढ़ से 60,000 से अधिक टिकट बुक हो चुके हैं। प्रयागराज जाने वाली सभी ट्रेनों में फरवरी तक बर्थ फुल हो गई हैं। रेलवे ने तीन विशेष ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना चुनौती बना हुआ है।

प्रदेशभर के स्कूलों में मनाया जाएगा वीर बाल दिवस

सिख गुरु गोबिंद सिंह के पुत्र बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत की याद में आज वीर बाल दिवस मनाया जाएगा। प्रदेश के सभी स्कूलों में विविध गतिविधियों का आयोजन होगा, जिसमें चित्रकारी, निबंध लेखन, कहानी सुनाना, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में वीरता और बलिदान की भावना को प्रोत्साहित करना है।

मौसम में बदलाव, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच मौसम विभाग ने 27 और 28 दिसंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन इसके बाद ठंड बढ़ने की संभावना है। दुर्ग का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!