राज्यपाल रमेन डेका होंगे ISBM यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल, दिल्ली दौरे से लौटेंगे मुख्यमंत्री साय; भाजपा संगठन चुनाव की अहम बैठक आज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका आज गरियाबंद जिले के छुरा स्थित ISBM यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम कोसमी नवापारा स्थित वनांचल ग्राम में आयोजित किया गया है। समारोह सुबह 11 बजे शुरू होगा, जिसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कड़ी पुलिस व्यवस्था की गई है।
दिल्ली दौरे से लौटेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, धमतरी में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे से रायपुर लौटेंगे। दिल्ली में उन्होंने इन्वेस्टर्स मीट में प्रदेश में उद्योग की संभावनाओं पर चर्चा की, जिसमें छत्तीसगढ़ को 15,000 करोड़ रुपए के निवेश की सौगात मिली। रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री धमतरी जिले के सकरा ग्राम में डीपीएस स्कूल के वार्षिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

दिल्ली में भाजपा संगठन चुनाव की अहम बैठक आज
दिल्ली में आज भाजपा संगठन चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन और संगठन महामंत्री पवन साय शामिल होंगे। इस दौरान राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख संगठन चुनाव की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
66 हजार श्रमवीरों को 48.82 करोड़ की सौगात देंगे मंत्री लखन लाल देवांगन
रायपुर। उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन आज 66,000 से अधिक श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत 48.82 करोड़ रुपये की राशि वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शंकर नगर स्थित मंत्री निवास में आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के दिल्ली दौरे का दूसरा दिन
रायपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन है। इस दौरान वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। चर्चा में JCCJ के कांग्रेस में विलय और 10 से अधिक जिला अध्यक्षों के बदलाव जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं। उल्लेखनीय है कि 15 दिनों में यह उनका दूसरा दिल्ली दौरा है।



