बिलासपुर संभाग

बेटियां बनेंगी निडर और जागरूक: रतनपुर में पुलिस के ‘चेतना अभियान’ ने छात्राओं को सिखाए सुरक्षा, साइबर और आत्मरक्षा के गुर

स्वामी आत्मानंद कन्या स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, गुड टच-बैड टच, पॉक्सो कानून, साइबर ठगी, महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी विस्तृत जानकारी

रतनपुर (बिलासपुर) ( शिखर दर्शन ) // महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिलासपुर पुलिस का बहुउद्देशीय ‘चेतना अभियान’ लगातार जिलेभर में संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना रतनपुर पुलिस ने स्वामी आत्मानंद कन्या विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को सुरक्षा, कानून और आत्मरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।


वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला जागरूकता अभियान

यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में संचालित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना रतनपुर पुलिस की टीम ने छात्राओं को अपराधों के प्रति सजग रहने और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का संदेश दिया।


गुड टच-बैड टच और पॉक्सो कानून की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को गुड टच और बैड टच की पहचान विस्तार से समझाई गई। पुलिस अधिकारियों ने पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, बालिकाओं के कानूनी अधिकारों तथा किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।


महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर विशेष चर्चा

छात्राओं को छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना सहित महिलाओं के विरुद्ध होने वाले विभिन्न अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही ऐसे मामलों में उपलब्ध कानूनी सहायता, पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।


साइबर अपराधों से बचाव के बताए प्रभावी उपाय

डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी। ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल और अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपाय विस्तार से समझाए गए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।


हेल्पलाइन नंबरों की दी महत्वपूर्ण जानकारी

कार्यक्रम में छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि 112 (आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) तथा 100 (पुलिस सहायता) का उपयोग कब और किस परिस्थिति में किया जाना चाहिए।


आत्मरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने पर दिया जोर

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को संदेश दिया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय साहस, सतर्कता और आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें। आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी भय के अपनी आवाज उठाएं और तुरंत पुलिस अथवा विश्वसनीय लोगों से सहायता लें।


नशा मुक्ति और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश

कार्यक्रम में नशा मुक्ति पर भी विशेष चर्चा की गई। छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, कानून का सम्मान करने तथा समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।


सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण की पहल

थाना रतनपुर पुलिस ने बताया कि ‘चेतना अभियान’ का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना, सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें अपराधों के प्रति सतर्क, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है। पुलिस का मानना है कि जागरूक और सशक्त बेटियां ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव होती हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!