बागेश्वर धाम से लौटते समय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव सड़क हादसे में घायल, झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के पास हुए सड़क हादसे में घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब उनकी इनोवा कार झांसी हाईवे पर खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में वाहन चालक भी घायल हुआ है, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तालबेहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के बाद किरण सिंहदेव और वाहन चालक को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किरण सिंहदेव अपने परिवार के साथ बाबा बागेश्वर धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी हाईवे पर उनकी कार एक खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
करीबी सूत्रों के मुताबिक किरण सिंहदेव की हालत फिलहाल स्थिर है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रक सड़क पर किस स्थिति में खड़ा था।



