गुरु पूर्णिमा पर सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे मुख्यमंत्री साय, भोलेनाथ का पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

रायगढ़ के कोसमनारा स्थित 108 सत्यनारायण बाबा धाम में की पूजा-अर्चना, बोले— गुरु का आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति
रायगढ़ ( शिखर दर्शन ) // गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध 108 सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी उनके साथ उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पवित्र अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु का आशीर्वाद व्यक्ति को सही दिशा प्रदान करता है, आत्मबल बढ़ाता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसमनारा स्थित 108 सत्यनारायण बाबा धाम प्रदेश के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं के साथ पहुंचते हैं। इस पवित्र धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा लोगों को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और नई प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा जैसे पुण्य अवसर पर इस धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और प्रदेश की जनता के विश्वास के साथ जनसेवा और विकास के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास और जनकल्याण की प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा छत्तीसगढ़ समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



