रायपुर संभाग

12 लाख की ज्वेलरी लूट का खुलासा: 100 से ज्यादा अपराधों वाले अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के 4 हथियारबंद बदमाश गिरफ्तार

बलौदाबाजार ( शिखर दर्शन ) // बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ज्वेलर्स से हुई करीब 12 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के चार कुख्यात और हथियारबंद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं तथा इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित 100 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 26 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। बरामद सामग्री में करीब एक लाख रुपये के चांदी के आभूषण, 10,620 रुपये नकद, एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, एक धारदार तलवार, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।

ज्वेलर्स को घेरकर लूटे थे लाखों के जेवर

पुलिस के मुताबिक 16 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम रोहरा निवासी दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। इसी दौरान रोहरा हाईस्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने हमला कर उनका मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली तथा बैग में रखे करीब 13 किलोग्राम चांदी और 70 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर भाटापारा ग्रामीण थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

1000 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, एआई तकनीक से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में विशेष जांच दल गठित किया गया। टीम ने तरेंगा, मारो, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर तक के मार्गों पर लगे 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया।

जांच में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित वीडियो विश्लेषण और डाटा एनालिटिक्स तकनीक का भी उपयोग किया गया। साइबर सेल की तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

पहले करते थे रेकी, फिर हथियारों के दम पर देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह किसी भी वारदात से पहले कई दिनों तक इलाके की रेकी करता था। भागने के रास्तों का भी पहले से निरीक्षण किया जाता था। इसके बाद पिस्तौल और धारदार हथियारों के बल पर व्यापारियों को डराकर लूट की वारदात को अंजाम दिया जाता था। विरोध करने पर जानलेवा हमला करने से भी आरोपी पीछे नहीं हटते थे। वारदात के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए अलग-अलग रास्तों से मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर फरार हो जाते थे।

पहले भी ज्वेलर्स को बना चुके हैं निशाना

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गिरोह इससे पहले भी जिले में कई बड़ी लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। वर्ष 2022 में ग्राम रोहरा के पास महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूटने तथा वर्ष 2024 में भाटापारा के देवरीडीह तिराहा के पास आयुष ज्वेलर्स के संचालक से आभूषण लूटने की घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता सामने आई है।

चारों आरोपी न्यायालय में पेश, नेटवर्क की जांच जारी

गिरफ्तार आरोपियों में बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुघ्न (चित्रकूट, उत्तर प्रदेश), जयदीप गुप्ता (रीवा, मध्य प्रदेश), जिया उल हक (गोंडा, उत्तर प्रदेश) तथा गंगासागर पाण्डेय (चित्रकूट, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

पुलिस का दावा है कि इस गिरोह ने विभिन्न राज्यों में करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक की लूट, डकैती और चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिमांड लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों, सहयोगियों और अन्य राज्यों में हुई वारदातों के संबंध में पूछताछ करेगी।

व्यापारियों और नागरिकों से पुलिस की अपील

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि जनता के सहयोग और सतर्कता से संगठित अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!