बिलासपुर संभाग

तेज रफ्तार कार की टक्कर से 11वीं के छात्र की मौत, नाबालिगों के वाहन चलाने पर फिर उठे सवाल

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // शहर के वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

मृतक की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा (17 वर्ष), पिता मुकेश शर्मा, निवासी मंगला अभिषेक विहार के रूप में हुई है। वह महर्षि स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था। उसकी असमय मौत से परिवार, परिजनों और विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना रविवार सुबह लगभग 7:30 बजे हुई। तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि छात्र कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

कार में नाबालिग होने का दावा

घटना के बाद मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि दुर्घटना करने वाली कार में चार युवक सवार थे और सभी नाबालिग बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हादसे के बाद कार घटनास्थल पर ही खड़ी मिली।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस चालक की पहचान, उसकी उम्र, वाहन की गति और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था तथा उसके विरुद्ध कौन-कौन सी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिर खड़े हुए कई गंभीर सवाल

यह हादसा एक बार फिर शहर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और तेज रफ्तार के बढ़ते खतरे को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर गया है। स्थानीय लोगों ने नाबालिगों को वाहन उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!