आखिर कहां गई मानवता ? एक माह की मासूम को ऑटो में छोड़ फरार हुए महिला-पुरुष, सीसीटीवी के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // राजधानी भोपाल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 स्थित ऑटो स्टैंड पर एक माह की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। आरोप है कि दो महिलाएं और एक पुरुष बच्ची को एक खाली ऑटो में छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
ऑटो चालक के लौटने पर हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, तीनों संदिग्ध कुछ समय तक प्लेटफॉर्म नंबर-6 के ऑटो स्टैंड के पास बैठे रहे। इसी दौरान उन्होंने एक खाली ऑटो देखा, जिसका चालक सवारी लेने रेलवे स्टेशन के भीतर गया हुआ था। मौका मिलते ही वे मासूम बच्ची को ऑटो में छोड़कर चुपचाप वहां से फरार हो गए।
कुछ देर बाद जब ऑटो चालक सवारी लेकर लौटा तो उसने ऑटो के भीतर बच्ची को रोते हुए देखा। उसने तत्काल इसकी सूचना जीआरपी को दी।
बच्ची सुरक्षित, चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा गया
सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। चिकित्सकीय जांच में बच्ची स्वस्थ पाई गई। इसके बाद उसे सुरक्षित देखभाल के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंप दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्ची को छोड़कर भागने वाले दो महिलाओं और एक पुरुष की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में मानवता और नवजात बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस लोगों से भी अपील कर रही है कि यदि इस घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।



