17 जुलाई को इतिहास रचेगा भारत : प्रधानमंत्री मोदी दिखाएंगे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी, 200 स्कूली बच्चे बनेंगे पहली यात्रा के साक्षी

जींद ( एजेंसी ) // भारतीय रेलवे 17 जुलाई को हरित परिवहन के क्षेत्र में नया इतिहास रचने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर जींद के 200 स्कूली विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के साथ पहली यात्रा करने का अवसर मिलेगा।
ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिता से होगा विद्यार्थियों का चयन
उत्तरी रेलवे के निर्देश पर जींद के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस विशेष यात्रा के लिए क्षेत्र के पांच चयनित विद्यालयों की कक्षा 7वीं और 8वीं के 200 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
विद्यार्थियों का चयन ‘हाइड्रोजन ऊर्जा और विकसित भारत’ विषय पर आयोजित ड्राइंग और निबंध प्रतियोगिता के आधार पर होगा। विजेता छात्रों को उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मानित भी करेंगे।
पांडू पिंडारा स्टेशन तक होगी पहली यात्रा
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए विशेष यात्रा योजना बनाई गई है। सभी चयनित छात्र जींद रेलवे स्टेशन से हाइड्रोजन ट्रेन में सवार होकर पांडू पिंडारा रेलवे स्टेशन तक यात्रा करेंगे। वहां से उन्हें बसों के माध्यम से वापस जींद लाया जाएगा।
जींद-सोनीपत रेलखंड पर चलेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन
देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित यात्री ट्रेन का डिजाइन और निर्माण भारत में ही किया गया है। यह ट्रेन जींद-सोनीपत रेलखंड पर संचालित होगी। हाइड्रोजन तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन संचालन के दौरान केवल जलवाष्प का उत्सर्जन करेगी, जिससे पर्यावरण प्रदूषण नहीं होगा। इस उपलब्धि के साथ भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा, जहां हाइड्रोजन ट्रेन तकनीक का सफल संचालन किया जा रहा है।
अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी होगा लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम के दौरान जींद और नरवाना के नवनिर्मित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी लोकार्पण करेंगे। यह पहल भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण, हरित परिवहन और विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



