मध्यप्रदेश

बारिश के लिए ग्रामीणों ने अपनाया अनोखा टोटका, जिंदा व्यक्ति की निकाली सांकेतिक शवयात्रा

इंदौर ( शिखर दर्शन ) // मालवा अंचल में बारिश की कमी और खेतों में पानी की जरूरत को देखते हुए इंदौर जिले की महू तहसील के ग्राम गवली पलासिया में ग्रामीणों ने एक अनोखा टोटका किया। अच्छी बारिश की कामना को लेकर गांव में एक जीवित व्यक्ति को अर्थी पर लिटाकर सांकेतिक शवयात्रा निकाली गई। ग्रामीणों का मानना है कि इस परंपरा से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और क्षेत्र में अच्छी वर्षा होती है।

जानकारी के अनुसार, गांव के किसानों और ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को बांस की अर्थी पर लिटाकर कपड़े से ढक दिया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और भजनों के साथ गांव की गलियों और प्रमुख मार्गों से यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल ग्रामीण अच्छी बारिश की कामना करते हुए आगे बढ़ते रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि यह परंपरा वर्षों पुरानी है और जब भी लंबे समय तक बारिश नहीं होती, तब गांव में इस तरह का आयोजन किया जाता है। उनका विश्वास है कि इस सांकेतिक शवयात्रा से प्राकृतिक बाधाएं दूर होती हैं और इंद्रदेव की कृपा से क्षेत्र में वर्षा होती है।

बारिश की उम्मीद में निकाली गई यह अनोखी यात्रा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं किसान अच्छी बारिश होने की उम्मीद लगाए हुए हैं, ताकि फसलों को पर्याप्त पानी मिल सके और खेती प्रभावित न हो।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!