शादी के एक साल बाद जिंदगी का दर्दनाक अंत ! हमर क्लीनिक की स्टाफ रूम में 32 साल की नर्स ने दी जान, वजह बनी पहेली

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // भिलाई के घासीदास नगर वार्ड-23 स्थित हमर क्लीनिक के स्टाफ रूम में 32 वर्षीय नर्स नेहा महिलांग का शव मिलने से हड़कंप मच गया। नेहा पिछले करीब पांच वर्षों से हमर क्लीनिक में कार्यरत थी और करीब एक वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने फांसी लगाकर जान दी। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पति ने कमरे में देखा शव
जानकारी के मुताबिक नेहा अपने पति के साथ रहती थी। रविवार को उसका पति जब कमरे में पहुंचा तो नेहा फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की जानकारी तत्काल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
सुसाइड नोट नहीं मिला, मोबाइल की भी जांच
पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अब मृतका के पति और हमर क्लीनिक में उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।
जांच के दौरान नेहा के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी मिल सके।
आत्महत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नेहा ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। उसके किसी तरह के तनाव में होने या किसी अन्य कारण से परेशान होने की जानकारी भी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




