राष्ट्रीय

साणंद से भारत की सेमीकंडक्टर छलांग, तीसरे चिप प्लांट का शुभारंभ; पीएम मोदी बोले- भारत जो ठानता है, उसे पूरा करके दिखाता है

गुजरात के साणंद में शुरू हुआ तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट का व्यावसायिक उत्पादन, भारत को वैश्विक चिप हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम

साणंद/गुजरात (शिखर दर्शन)// भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में शनिवार को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (ओसैट) फैसिलिटी का उद्घाटन किया। इसके साथ ही देश के तीसरे सेमीकंडक्टर प्लांट में चिप पैकेजिंग का व्यावसायिक उत्पादन औपचारिक रूप से शुरू हो गया। प्रधानमंत्री ने इसे भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

‘भारत जो ठान लेता है, उसे पूरा करके दिखाता है’

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पांच वर्ष पहले भारत को सेमीकंडक्टर हब बनाने का संकल्प लिया गया था और आज वह तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि “डिजाइन इन इंडिया” और “मेक इन इंडिया” के विजन को इस परियोजना से नई शक्ति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जो ठान लेता है, उसे पूरा करके दिखाता है।

डेढ़ साल में शिलान्यास से व्यावसायिक उत्पादन तक का सफर

प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024 में इस परियोजना का शिलान्यास किया गया था। अगस्त 2025 में यहां परीक्षण चिप (टेस्टिंग चिप) का कार्य शुरू हुआ और अब व्यावसायिक उत्पादन भी प्रारंभ हो गया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय परियोजना से जुड़े इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों और कर्मचारियों को दिया।

भारत-जापान-थाईलैंड की साझेदारी का उदाहरण

प्रधानमंत्री ने कहा कि सीजी सेमी का यह प्लांट केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि भारत, जापान और थाईलैंड के बीच तकनीक, विश्वास और रणनीतिक साझेदारी का मजबूत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना वैश्विक सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन में भारत की भूमिका को और मजबूत करेगी।

उत्पादन बढ़ाकर 500 करोड़ चिप प्रतिवर्ष करने का लक्ष्य

प्रधानमंत्री ने बताया कि शुरुआती चरण में इस संयंत्र से प्रतिवर्ष 20 करोड़ चिप का उत्पादन होगा। भविष्य में कंपनी ने इसे बढ़ाकर 500 करोड़ चिप प्रतिवर्ष करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लक्ष्य निर्धारित समय में पूरा होगा और सेमिकॉन इंडिया कार्यक्रम को नई गति मिलेगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स क्रांति का अगला चरण है सेमीकंडक्टर

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग का विस्तार पिछले एक दशक में आई इलेक्ट्रॉनिक्स क्रांति का स्वाभाविक अगला चरण है। पहले उत्पाद निर्माण, फिर इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स और अब सेमीकंडक्टर निर्माण के जरिए भारत पूरी इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता और दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्यातक बन चुका है। वर्ष 2014 की तुलना में देश का इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन लगभग सात गुना और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 11 गुना बढ़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र की यह उपलब्धि भारत को वैश्विक हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!