आज से दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’, सुशासन और विकसित छत्तीसगढ़ के रोडमैप पर होगा मंथन

राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन का दूसरा दिन, भोरमदेव ईको ट्रेल और पीएम इंटर्नशिप योजना पर भी अहम आयोजन
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में शनिवार को शासन, कृषि, पर्यटन और कौशल विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ की शुरुआत होगी, वहीं राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन का दूसरा दिन भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा कवर्धा में भोरमदेव ईको ट्रेल 2026 का शुभारंभ होगा और बालोद में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
आज से शुरू होगा ‘चिंतन शिविर 3.0’
रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ का शुभारंभ होगा। शिविर में मुख्यमंत्री सहित पूरा मंत्रिमंडल भाग लेगा। विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को गति देने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में सुशासन, नीति निर्माण, नेतृत्व, नवाचार और परिणाम आधारित प्रशासन जैसे विषयों पर व्यापक मंथन होगा।
शिविर के दौरान कृषि, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, तकनीक और जनसेवा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लिए नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी। राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ गौर गोपाल दास, अभय करंदीकर और डॉ. रमेश चंद सहित कई विशेषज्ञ मंत्रियों को प्रभावी प्रशासन और भविष्य की चुनौतियों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। दूसरे दिन योग सत्र के साथ सार्वजनिक नीति, नेतृत्व और सुशासन पर विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।
सहकारी सम्मेलन में कृषि और ग्रामीण विकास पर चर्चा
राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन का दूसरा दिन आयोजित होगा। सहकारिता विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में सहकारी नीतियों, कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सहकारी संस्थाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
भोरमदेव ईको ट्रेल से प्रकृति से जुड़ने का अवसर
कवर्धा में आज से भोरमदेव ईको ट्रेल 2026 की शुरुआत होगी। यह ट्रेल प्रत्येक शनिवार और रविवार को भोरमदेव अभ्यारण्य के करियामा गेट स्थित ईको कैंप से संचालित की जाएगी। प्रतिभागियों को अनुभवी नेचर गाइड के साथ जंगल भ्रमण कराया जाएगा, जहां उन्हें औषधीय पौधों, पक्षियों, तितलियों और वन्यजीवों की जानकारी दी जाएगी। ट्रेल का समापन विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर के दर्शन के साथ होगा। इसमें भाग लेने के लिए प्रति व्यक्ति एक हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
पीएम इंटर्नशिप योजना पर विशेष कार्यशाला
बालोद जिले के गुरूर स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना 2026 के तहत सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के आईटीआई उत्तीर्ण युवक-युवतियां आवश्यक दस्तावेजों के साथ इसमें शामिल होकर योजना की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और रोजगार से जुड़ी संभावनाओं का लाभ उठा सकेंगे।



