दिल्ली

यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में सफल विद्यार्थियों से मिले मुख्यमंत्री साय, मुख्य परीक्षा के लिए दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफल हुए ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के मेहनतकश परिवारों के सपनों और संघर्षों का सम्मान है।

मेहनत और संकल्प का परिणाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने साबित किया है कि प्रतिभा कभी भी आर्थिक स्थिति या पारिवारिक पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती। किसी के पिता राजमिस्त्री हैं, कोई किसान परिवार से है तो कोई शिक्षक का पुत्र है, लेकिन सभी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा के पहले चरण में सफलता हासिल की है।

उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, अध्ययन पद्धति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने ट्राइबल यूथ हॉस्टल में उपलब्ध अध्ययन वातावरण, मार्गदर्शन और सुविधाओं को अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।

प्रशासनिक सेवाएं जनसेवा का माध्यम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा सफलता की केवल पहली सीढ़ी है। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी निष्ठा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का प्रभावी माध्यम हैं।

युवाओं को बेहतर अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है, जिससे अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अधिक विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है।

13 विद्यार्थियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान

यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका में रहकर तैयारी करने वाले 13 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे। दोनों मंत्रियों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!