दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री साय, रोजगार मेले से 900 से अधिक पदों पर भर्ती आज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन है। मुख्यमंत्री विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर राज्य के विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर बाद दिल्ली से रायपुर लौटेंगे।
जयवर्धन सिंह करेंगे प्रेस वार्ता
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। बिलासपुर में आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” अभियान को लेकर वे प्रेस वार्ता करेंगे।
नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों और कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस देशभर में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम चला रही है। इसी अभियान के तहत देश के 28 शहरों में प्रेस वार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है।
महिला कांग्रेस की बैठक लेंगी अलका लांबा
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा आज राजधानी रायपुर पहुंचेंगी। राजीव भवन में आयोजित बैठक में महिला कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
बैठक में महंगाई, महिला सुरक्षा और अन्य जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा पर भी चर्चा होने की संभावना है।
29 जून से शुरू होगा सहकारिता सप्ताह
प्रदेश में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान राज्य के सभी जिलों, विकासखंडों और सहकारी समितियों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जागरूकता, जनभागीदारी और नवाचार आधारित गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का छठवां दिन
अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आज छठवां दिन है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट पहले ही रायपुर पहुंच चुके हैं, जबकि संगठन प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचकर प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।
रायपुर में संभाग स्तरीय रोजगार मेला आज
राजधानी रायपुर में आज संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सेजबहार स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित इस मेले में निजी प्रतिष्ठानों द्वारा 900 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।



