मध्यप्रदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 जून को जबलपुर आएंगी, योग दिवस और RDVV के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम और विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में करेंगी शिरकत

जबलपुर ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश की न्यायधानी जबलपुर 21 जून को एक ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनेगी। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम तथा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीवीवी) के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए जबलपुर पहुंचेंगी। कार्यक्रमों में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।

गैरिसन ग्राउंड में होगा राज्य स्तरीय योग दिवस आयोजन

सदर स्थित ऐतिहासिक गैरिसन ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में लगभग पांच हजार नागरिक सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। कार्यक्रम में 31 विद्यालयों के करीब 3,400 छात्र-छात्राएं भी हिस्सा लेंगे। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह तथा आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।

राष्ट्रपति की मौजूदगी में होगा RDVV का 36वां दीक्षांत समारोह

योग कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

141 मेधावियों को मिलेंगे 240 स्वर्ण पदक

दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के 141 मेधावी छात्र-छात्राओं को कुल 240 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें से 20 चयनित विद्यार्थियों को राष्ट्रपति अपने हाथों से स्वर्ण पदक देकर सम्मानित करेंगी। इसके अलावा 182 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। तीन विद्वानों को डी-लिट, एक शोधार्थी को डीएससी तथा एक विशिष्ट व्यक्तित्व को मानद उपाधि दिए जाने का भी प्रस्ताव है।

मेधावियों के लिए यादगार बनेगा यह अवसर

समारोह का विशेष आकर्षण राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ मेधावी विद्यार्थियों का सामूहिक छायाचित्र सत्र रहेगा। यह अवसर विद्यार्थियों के लिए जीवनभर की यादगार उपलब्धि साबित होगा। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!