रायपुर संभाग

ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम: लाखों का खोया बैग लौटाने वाले प्रधान आरक्षक समेत दो पुलिसकर्मी सम्मानित

रायपुर पुलिस कमिश्नर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों की सहायता के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले रायपुर यातायात पुलिस के दो कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित किया है। एक प्रधान आरक्षक ने सड़क पर मिला लाखों रुपये मूल्य का बैग उसके मालिक को सुरक्षित लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की, वहीं दूसरे आरक्षक ने व्यस्त चौराहे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

जानकारी के अनुसार 15 जून को यातायात थाना भनपुरी में पदस्थ प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम की ड्यूटी भनपुरी तिराहा में लगी हुई थी। ड्यूटी के दौरान उन्हें सड़क किनारे एक बैग मिला। उन्होंने तत्काल बैग को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू की। जांच के दौरान बैग में लगभग चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 11 हजार 700 रुपये नकद, आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज और कपड़े मिले।

आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम ने बैग मालिक अंबिका निषाद से संपर्क किया और उन्हें यातायात थाना भनपुरी बुलाया। सत्यापन के बाद बैग में रखे सभी आभूषण, नकदी और दस्तावेज सुरक्षित रूप से उन्हें वापस सौंप दिए गए। बैग मालिक ने पुलिसकर्मी की ईमानदारी के लिए आभार व्यक्त किया।

प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम की कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने उन्हें 2 हजार रुपये नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

वहीं यातायात थाना फाफाडीह में पदस्थ आरक्षक दीपक वर्मा को भी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। तेलघानी नाका चौक शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल है, जहां शाम के समय अक्सर यातायात दबाव के कारण जाम की स्थिति निर्मित हो जाती थी। आरक्षक दीपक वर्मा के प्रभावी यातायात प्रबंधन और सतत प्रयासों से यहां यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने भी उनके कार्यों की सराहना की है। बेहतर यातायात प्रबंधन और जनसेवा के लिए पुलिस कमिश्नर ने उन्हें 500 रुपये नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह में पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विवेक शुक्ला, सहायक पुलिस आयुक्त सतीष कुमार ठाकुर, सीमा अहिरवार, यातायात थाना भनपुरी प्रभारी राकेश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रायपुर पुलिस ने कहा कि ऐसे ईमानदार और समर्पित पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने का उद्देश्य पुलिस बल के अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करना है। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा सहयोग की भावना और अधिक मजबूत होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!