बिलासपुर संभाग

295 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, CM साय ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

सड़क, पेयजल, सिंचाई और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को मिलेगी नई गति

जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 295 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 341 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 70.10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 159 कार्यों का लोकार्पण तथा 224.90 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 182 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन कार्यों के माध्यम से सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, नगरीय अधोसंरचना और ग्रामीण विकास से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा जिले के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से लोगों के जीवन को अधिक सुगम बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में विकास की नई संभावनाएं सृजित होंगी और आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

लोकार्पित कार्यों में जल संसाधन, वन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सीजीएमएससी, नगरीय प्रशासन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्य शामिल हैं। वहीं भूमिपूजन किए गए कार्यों में जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, सीजीएमएससी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, नगरीय प्रशासन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!