अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम, ग्रामीण ने खाया जहर; हालत गंभीर, पक्षपात के आरोपों से गरमाया मामला

धमतरी के ग्राम छीपली में कार्रवाई के दौरान हड़कंप, परिजनों ने प्रशासन पर लगाए भेदभावपूर्ण कार्रवाई के आरोप
धमतरी (शिखर दर्शन) // धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम छीपली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रभावित पक्ष के चम्पा लाल साहू ने कथित रूप से जहर सेवन कर लिया। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा ग्राम छीपली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान प्रभावित पक्ष के चम्पा लाल साहू ने मौके पर ही जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद प्रशासनिक अमले और ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिजनों ने लगाए पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के आरोप

पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन पर द्वेषपूर्ण एवं भेदभावपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव में कई स्थानों पर अतिक्रमण मौजूद है, लेकिन प्रशासन ने केवल दो परिवारों को निशाना बनाकर कार्रवाई की, जबकि अन्य अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया गया। परिजनों का आरोप है कि इस कार्रवाई से परिवार मानसिक रूप से प्रताड़ित हुआ, जिसके चलते यह घटना हुई।
एसडीएम के निर्देश पर रोकी गई सामग्री स्थानांतरण की कार्रवाई
बताया जा रहा है कि तहसीलदार मगरलोड देवेंद्र भारद्वाज द्वारा अतिक्रमण से संबंधित सामग्री को अन्य स्थान पर ले जाने के निर्देश दिए गए थे, जिससे प्रभावित पक्ष में नाराजगी बढ़ गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम नभ सिंह कोसले के निर्देश पर सामग्री स्थानांतरण की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है।
मौके पर तैनात रहा पुलिस बल
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल और पंचायत प्रतिनिधियों को मौके पर तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं जहर सेवन की घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और वे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।



