असम में BJP सरकार के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे CM साय, रायपुर में भाजपा कोर ग्रुप की अहम बैठक आज

प्रदेश राजनीति से लेकर शिक्षा और धार्मिक आयोजनों तक, जानिए दिनभर की बड़ी खबरें
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // विष्णुदेव साय आज असम में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद रायपुर लौटकर वे भाजपा की कोर ग्रुप बैठक में भी हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री शाम 5:40 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होंगे और शाम 6 बजे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे, जहां देर रात तक बैठक चलेगी।
भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बैठक आज
रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मंगलवार को भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री पवन साय समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
इसके बाद होने वाली कोर ग्रुप बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी शामिल रहेंगे। बैठक में कार्यसमिति के एजेंडों पर अंतिम चर्चा और रणनीति तय की जाएगी।
पीएम मोदी की अपील पर कांग्रेस का हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाने और सोना कम खरीदने की अपील पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री परिस्थितियों से डरकर “सरेंडर” कर रहे हैं और अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि यदि देश में पेट्रोलियम संकट की स्थिति बनी है तो इसके लिए केंद्र सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सलाह पर सबसे पहले भाजपा नेताओं और मंत्रियों को अमल करना चाहिए।
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल में आज निकलेगी लॉटरी
अभनपुर स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा पहली में प्रवेश हेतु बुधवार को ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी। विद्यालय में 43 सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि अधिकारी की मौजूदगी में सुबह 11 बजे लॉटरी प्रक्रिया संपन्न होगी।
रायपुर में आज के प्रमुख आयोजन
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
- प्रतिष्ठान – श्रीबांके बिहारी मंदिर
- स्थान – नयापारा सदर बाजार स्थित पुनर्निर्मित मंदिर
- समय – सुबह 9:30 बजे से वेदी पूजन, शय्याधिवास एवं कर्पधिवास
समर क्लासेस
- संस्थान – गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा
- स्थान – स्टेशन रोड गुरुद्वारे का लंगर हॉल
- समय – सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक



