फायरिंग प्रैक्टिस के दौरान 303 राइफल का चैंबर फटा, जवान गंभीर घायल

रुद्री फायरिंग रेंज में हादसा, गर्दन में लगी चोट के बाद जिला अस्पताल में भर्ती
धमतरी ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के रुद्री स्थित पुलिस लाइन फायरिंग रेंज में सोमवार सुबह नियमित अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फायरिंग प्रैक्टिस के बीच 303 राइफल का चैंबर अचानक फट गया, जिससे निकला मेटल शेल पास में खड़े नगर सेना के जवान चौबेलाल टंडन के गर्दन के पीछे जा लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद जवानों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया और तत्काल घायल जवान को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि फायरिंग अभ्यास के दौरान सभी जवान 303 राइफल से निशाना साध रहे थे, तभी एक राइफल में तकनीकी खराबी आने से उसका चैंबर फट गया और उसका हिस्सा तेजी से निकलकर पास खड़े जवान को जा लगा। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है। घटना के बाद पुलिस लाइन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार टोंडर के अनुसार घायल जवान के गर्दन को छूते हुए मेटल पार्ट कान के पीछे से निकल गया है। फिलहाल उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है और एक्स-रे रिपोर्ट के आधार पर आगे का उपचार किया जाएगा।



