विधानसभा में महिला आरक्षण पर घमासान: ‘टंच माल’ और ‘तंदूरकांड’ पर तीखी जुबानी जंग

पक्ष-विपक्ष आमने-सामने, महिलाओं के हक और जमीनी मुद्दों पर गरमाई बहस
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश विधानसभा में नारी शक्ति वंदन और महिला आरक्षण को लेकर जोरदार सियासी टकराव देखने को मिला। मुख्यमंत्री के शासकीय संकल्प पर चर्चा के दौरान पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस, आरोप-प्रत्यारोप और नोकझोंक हुई। भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने कांग्रेस पर महिलाओं के अधिकारों को रोकने की मानसिकता का आरोप लगाया और कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ‘तंदूरकांड’, ‘टंच माल’ और ‘आइटम’ जैसे शब्दों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा।
वहीं भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भगवान राम ने नारी सम्मान के लिए रावण का वध किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला आरक्षण का विरोध करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाएंगे। कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि यह संकल्प देर से लाया गया है और इसे राजनीतिक लाभ के लिए पेश किया जा रहा है।
भाजपा के वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव ने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश में नया इतिहास रचेगा। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को नीति निर्माण में आगे लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
विपक्ष की ओर से कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि महिला सशक्तिकरण की बात की जाती है तो जमीनी स्तर पर महिलाओं को शराब दुकानों को हटाने के लिए सड़कों पर क्यों उतरना पड़ता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिलाओं को प्रशासनिक स्तर पर भी उचित सहयोग नहीं मिल रहा है।
कांग्रेस विधायक लखन घनखोरिया ने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए तैयार है और आरक्षण का आधार जनगणना होना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाए।
वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है और इससे राजनीति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होगी।
सदन में हुई इस बहस से साफ है कि महिला आरक्षण का मुद्दा केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक और जमीनी सवालों से भी जुड़ा हुआ है, जिस पर आने वाले समय में सियासत और तेज होने के आसार हैं।



