एमपी में आज सियासी हलचल: विधानसभा का विशेष सत्र, CM का जबलपुर दौरा, कर्ज और आरक्षण पर गरमाएंगे मुद्दे

महिला आरक्षण संकल्प से लेकर OBC केस तक—बैठकें, बहस और बड़े फैसलों का दिन
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। सत्र की शुरुआत दिवंगतों को श्रद्धांजलि के साथ होगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सदन में शासकीय संकल्प प्रस्तुत करेंगे। इस संकल्प में संसद और विधानसभा में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण लागू करने और परिसीमन प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की बात शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दिन भी व्यस्त रहने वाला है। वे सुबह 9:30 बजे सीएम हाउस में भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे, इसके बाद 10:10 बजे विधानसभा पहुंचेंगे और 10:15 बजे कार्यमंत्रणा समिति की बैठक लेंगे। इसके बाद वे विशेष सत्र में भाग लेंगे। शाम को वे भोपाल से जबलपुर रवाना होंगे, जहां स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
विशेष सत्र को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने विधायक दल की बैठक बुलाई है। कांग्रेस की बैठक सुबह 9 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास पर होगी, जबकि भाजपा की बैठक 9:30 बजे सीएम हाउस में होगी। दोनों दल सत्र की रणनीति तय करेंगे। विपक्ष महिला आरक्षण को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं सरकार भी अपने संकल्प के जरिए बड़ा संदेश देने की कोशिश में है।
इधर राज्य सरकार नए वित्त वर्ष की शुरुआत में 2800 करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है। यह कर्ज दो किस्तों—1600 करोड़ और 1200 करोड़ रुपए—में लिया जाएगा, जिसकी अवधि क्रमशः 8 साल और 22 साल होगी।
जल गंगा संवर्धन अभियान में मध्यप्रदेश ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस अभियान के तहत डिंडौरी जिला पहले और खंडवा जिला दूसरे स्थान पर रहा है। राज्य में 16 विभागों की 82 गतिविधियों के जरिए जल संरक्षण और नए स्रोतों के निर्माण पर तेजी से काम किया जा रहा है।
वहीं ओबीसी के 27 प्रतिशत आरक्षण मामले में आज से हाईकोर्ट में लगातार तीन दिनों तक सुनवाई होगी। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ की खंडपीठ इस मामले की सुनवाई करेगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सभी याचिकाएं मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में ट्रांसफर की गई थीं।
इधर भोपाल से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट तकनीकी कारणों के चलते रद्द कर दी गई। फ्लाइट पहले ही मुंबई से देरी से भोपाल पहुंची थी और तकनीकी खामी के कारण उसे वापस उड़ान भरने से रोक दिया गया।



