रायपुर संभाग

CG Weather Today : प्रदेशवासियों को झुलसाएगी गर्मी, रायपुर में आज हीटवेव की संभावना

तापमान 44 डिग्री के पार, कुछ इलाकों में दो दिन बाद राहत के आसार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है और राजधानी रायपुर में आज 44 डिग्री तक तापमान जाने की संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी के बीच बस्तर क्षेत्र में दक्षिण दिशा से आने वाली हवाएं कुछ राहत दे सकती हैं, वहीं बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवा का असर अगले दो से तीन दिनों तक बने रहने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटों में रायपुर के तापमान में लगभग एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया और दोपहर बाद गर्मी झुलसाने वाली स्थिति में पहुंच गई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आगामी दो दिनों के बाद कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। इसके साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं कुछ क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर की स्थिति बने रहने की चेतावनी भी दी गई है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक, विभिन्न द्रोणिकाओं और महाराष्ट्र के आसपास बने प्रति चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। खासकर मध्य छत्तीसगढ़ में हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है, हालांकि 26 अप्रैल से दक्षिण बस्तर के जिलों में गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि दिनभर गर्म हवाएं चलने से लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!