मध्यप्रदेश

एमपी में गर्मी का कहर: खजुराहो में पारा 43.4°C, 19 जिलों में लू का अलर्ट, सागर-अनूपपुर में स्कूल बंद

भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूल टाइमिंग, कई जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को 19 जिलों में लू (हीट वेव) का अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिले। नर्मदापुरम में 43.2 डिग्री, नौगांव में 43 डिग्री, रायसेन में 42.4 डिग्री, सीधी और नरसिंहपुर में 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं रतलाम, टीकमगढ़, दतिया, शाजापुर, दमोह, सागर और रीवा सहित कई जिलों में पारा 41 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। राजधानी भोपाल में भी तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर और उज्जैन में भी तेज गर्मी का असर कायम है।

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। सागर जिले में नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं अनूपपुर जिले में 22 से 30 अप्रैल तक पांचवीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। इसके अलावा कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाओं का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, छिंदवाड़ा, छतरपुर, भिंड, निवाड़ी, दतिया, धार, टीकमगढ़, झाबुआ, पन्ना, रतलाम, रायसेन, सतना, बालाघाट, नर्मदापुरम, पांढुर्णा, मंडला, अलीराजपुर और सिवनी जिलों में लू चलने की संभावना है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!