रायपुर संभाग

जमीन विवाद में खौफनाक वारदात: छोटे भाई ने मां के सामने बड़े भाई को जिंदा जलाया, गांव में सनसनी

पेट्रोल डालकर कमरे में लगाई आग, मौके पर ही दर्दनाक मौत; आरोपी हिरासत में

महासमुंद ( शिखर दर्शन ) // जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमगांव में जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और परिजन सदमे में हैं।

जानकारी के अनुसार रायपुर निवासी कृष्णकांत दुबे (38) मंगलवार को अपनी कथित पत्नी मालती साहू के साथ पैतृक गांव आमगांव पहुंचा था, जहां उसकी मां तीरथबाई और छोटा भाई दौलत दुबे रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।

मंगलवार शाम जमीन को लेकर हुई बहस अचानक हिंसक झगड़े में बदल गई। इस दौरान कृष्णकांत ने डंडे से छोटे भाई पर हमला किया, जिसके जवाब में दौलत ने हंसिए से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने कृष्णकांत को धान और महुआ से भरे कमरे में धकेलकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।

आरोप है कि इसके बाद दौलत पेट्रोल लाया और कमरे में आग लगा दी। आग लगने के दौरान मां और महिला मौके पर मौजूद थीं, लेकिन हालात इतने भयावह थे कि वे कुछ नहीं कर सकीं। आसपास के लोगों को बुलाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। इसके बाद कमरे से कृष्णकांत का शव बरामद किया गया।

पुलिस ने मामले में आरोपी दौलत दुबे को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के खतरनाक अंजाम को उजागर कर दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!